सेवा में,
अधिशाषी अभियंता जी,
आईपीएच डिविजन,
शिलाई।
विषय- कोटगा काण्डो गाँव में पानी की समस्या के सन्दर्भ में।
मान्यवर,
गाँव-कोटगा काण्डो, पंचायत-पौक्का, जिला-सिरमौर में काफी समय से पानी की समस्या है। यहाँ पानी की आपूर्ति दो पेयजल योजनाओं से होती है। एक "ग्रेविटी प्रवाह जल योजना" और दूसरी है "उठाऊ पेयजल योजना"।
किन्तु इनमें से एक भी योजना सुचारू रूप से संचालित नहीं है। इस कारण काफी समय से गाँव में पानी की समस्या बनी हुई है। इसका मुख्य कारण संबंधित विभाग की लापरवाही है।
इसके संदर्भ में अनेक बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है तथा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पर भी अनेक बार इस विषय में शिकायत दर्ज करायी गयी है। किन्तु अभी तक भी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। जिस कारण गाँव में सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में संपूर्ण गाँववासी अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। गाँव में पशुओं के पीने के पानी की कमी होना, घर के निर्माण कार्यों इत्यादि में रूकावट आना, सिंचाई के अभाव में खेतों में लगी सब्जियों का नष्ट हो जाना तथा महिलाओं का घर से लगभग 4-5 किमी. दूर पानी के लिए पैदल जाना।
महोदय आपसे निवदेन है कि आप गाँव की उक्त समस्या को गंभीरतापूर्वक लें तथा शीघ्रातिशीघ्र इसका निवारण करें। जिससे संपूर्ण ग्रामवासियों को दीर्घकाल से बनी हुई इस समस्या से निजात मिल सके।
आशा है कि आप हमारी समस्या को गंभीरता से लेंगे और इस पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।
धन्यवाद।
निवेदक
युवक मण्डल कोटगा
दिनांक-
..
No comments:
Post a Comment