Wednesday, November 19, 2025

Budi Diwali, बूढ़ी दिवाली, Diwali,

सभी को बूढ़ी दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएँ💐💐

.........................................

बुलो आई गोयी बूढ़ी दीवाली ऐबे,

बेडोली, मुड़ा-शाकुली बणांदे सोबे।

आई गाई रे एबे बूढ़ी दीवाली।

आमारे खाणे गुलगुले-बेडोली।।

.........................................

💐बूढ़ी दीवाली💐

हमारी संस्कृति का एक पारंपरिक, महत्त्वपूर्ण और प्रसिद्ध त्योहार।

आज 19.11.2025 को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरीपार क्षेत्र में बूढ़ी दीवाली का पवित्र पर्व मनाया जा रहा है। सिरमौर के आतिरिक्त कुल्लू जिले के निरमंड और आनी, शिमला जिले के चौपाल तथा उत्तराखंड राज्य के जौनसार बावर में भी बूढ़ी दीवाली का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व देश में मनाए जाने वाले दीपावली पर्व के एक माह बाद मनाया जाता है। इस पर्व में रात को गाँव के लोग मशाल जलाकर एक जगह एकत्र होते हैं और स्थानीय वाद्य यंत्रों के साथ पहाड़ी समूह नाटी एवं रासा नाटी लगाते हैं। कई स्थानों पर स्थानीय कलाकारों द्वारा लोगों के मनोरंजन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किये जाते हैं, जिनमें लोकनृत्य, पारंपरिक हारूल इत्यादि आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहते हैं।

इस पर्व में सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र में बहुत से स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं जिनमें बेडोली, गुलगुले, असकली इत्यादि प्रसिद्ध हैं। इसके अतिरिक्त बूढ़ी दीवाली के लिए मुड़ा और शाकुली भी बनाए जाते हैं, जिसे लगभग सात-आठ माह तक खाया जाता है और घर पर आने वाले मेहमानों को भी खिलाया जाता है। ये मुड़ा और शाकुली ढिंटियों (विवाहित बेटियों) को ससुराल के लिए भी दिया जाता है। ढिंटिया इसके साथ मायके का स्नेह भी साथ लेकर जाती है।

दीवाली के ठीक एक माह बाद बूढ़ी दीवाली को मनाने का कारण- जब भगवान श्रीराम चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण कर एवं लंका के राजा रावण र विजय प्राप्ति के पश्चात अयोध्या लौटे थे, तब गिरीपार व अन्य क्षेत्रों में रबी की फसल की बुवाई (अक्टूबर-नवंबर) का कार्य चला हुआ था। यहाँ के लोग श्रीराम की लंका विजय के उत्सव को केवल एक-दो दिन नहीं अपितु अधिक दिनों तक मनाना चाहते थे। इसलिए जब फसल बुवाई का कार्य संपन्न हुआ, तभी लगभग एक माह बाद यहाँ के लोगों ने श्रीराम द्वारा लंका विजय के उपलक्ष्य में एक महोत्सव का आयोजन किया, जो लगभग दस से पन्द्रह दिन तक चलता रहा। उस समय से लेकर आजतक यह परंपरा कायम है और आज भी दीवाली के ठीक एक माह बाद बूढ़ी दीवाली मनाई जाती है। हालांकि अब इस महोत्सव को मनाने के दिवस पहले से कम हो गये हैं, कहीं पर पाँच-छः दिन तो कहीं पर दो-तीन दिन तक बूढ़ी दीवाली के त्योहार का आयोजन होता है।

     बूढ़ी दीवाली का त्योहार आपसी सौहार्द, प्रेम, एकता और भाईचारे का पवित्र पर्व है। हमें अपनी इस परंपरा और संस्कृति पर गर्व होना चाहिए और इसे सुदृढ़ करने का प्रयास कर संजोए रखना चाहिए।

..................................................

Dr. MANOJ SHARMA "MANUJ"

.....................................................

Tuesday, July 8, 2025

COVID-19

 Article , COVID-19 
सतर्कता ही बचाव।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की कोविड-19 सिचुएशन रिपोर्ट-68 के अनुसार कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देशों में चीन में अब तक इसके मरीजों की कुल संख्या 82230 तथा 3301 लोगों की मृत्यु हो चुकी हैं। हालांकि चीन में इसके प्रसार की गति में पूर्व की अपेक्षा कुछ हद तक कमी आई है। इटली में अभी तक कोरोना के मरीजों की संख्या 86498 है तथा 9136 लोग मृत्यु को प्राप्त हो चुके हैं। इटली में कोरोना के नये मरीजों तथा मृतकों की संख्या लगातार तेज़ी से बढ़ रही है, जिसका प्रमुख कारण समय पर सचेत न होना है। इटली की भाँति ही स्पेन में भी कोरोना के मरीजों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है। स्पेन में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 64059 हैं तथा 4858 लोगों की मृत्यु हो चुकी हैं।
     स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार अभी तक भारत में कोरोना से प्रभावित लोगों की संख्या 979, मृतकों की संख्या 25 तथा स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या 87 हैं। 
दूसरे देशों में इस महामारी की भयावह त्रासदी को देखते हुए तथा चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों से वार्ता करने के पश्चात भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने संपूर्ण भारत में तीन सप्ताह के लाॅकडाउन की घोषणा की है। 
     देश के सभी लोगों को इसमें सहयोग कर प्रधानमंत्री जी के आदेश का गंभीरता से पालन करना चाहिए। कुछ लोग अब भी स्थिति को सामान्य समझकर पूर्व की तरह ही सड़कों पर घूम रहे हैं, यह अनभिज्ञता एवं लापरवाही उनके स्वयं के जीवन के लिए तथा उनके संपर्क में आए सभी लोगों के जीवन के लिए भयानक साबित हो सकती है। इस प्रकार आत्महत्या करने एवं दूसरों के जीवन को खतरे में डालने से बचें। दुर्योधन की हठ और लापरवाही के कारण 18 दिन में कुरुक्षेत्र की संपूर्ण भूमि रक्त से लाल हो गयी और कौरवों का विनाश हो गया था। यदि इन 21 दिनों में लोगों ने सावधानी नहीं बरती तो संपूर्ण भारतवर्ष कोविड-19 रूपी महामारी के महाप्रलय का साक्षी बनेगा। सम्प्रति इस महामारी से स्वयं को तथा देश के सभी लोगों को सुरक्षित रखने का एकमात्र उपाय लाॅकडाउन ही है।
     इस समय लोगों का प्रमुख दायित्व यही है कि घर में बंद रहकर स्वयं को सुरक्षित रखें तथा दूसरों के लिए भी खतरा उत्पन्न न करें। देश में अभी इस वायरस के प्रसार की गति धीमी अवश्य है, किंतु यदि लोगों ने लाॅकडाउन का सतर्कता से पालन नहीं किया तो यह किसी भी समय रफ़्तार पकड़ सकता है जिससे देश में कभी भी इटली जैसे हालात पैदा हो सकते हैं।
     हमें कोरोना वायरस को हल्के में नहीं लेना चाहिए। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकारें जिस क्रम से सख्ती से लगातार कदम उठा रही है, लोगों को उसी से अंदाजा लगा लेना चाहिए कि यह बहुत ही गंभीर महामारी है। जहाँ स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत से कई अधिक बेहतर स्थिति वाले देश भी इस महामारी के आगे लाचार दिखाई पड़ रहे हैं, वहाँ स्थिति बिगड़ने पर भारत किस प्रकार इसका सामना करेगा? यह गंभीर एवं चिंतनीय विषय है, जिसकी कल्पना मात्र से ही रूह काँप उठती है।
     वर्तमान युवा पीढ़ी ने अपनी संपूर्ण आयु में शायद देश में इस प्रकार की स्थिति आज से पूर्व कभी नहीं देखी होगी। यह स्थिति अधिक भयावह न हो, इसके लिए देश के प्रत्येक नागरिक को सरकार के प्रत्येक आदेश का गंभीरता से पालन करना होगा। यह सिर्फ स्वयं की सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है।

डॉ. मनोज शर्मा 'मनुज' 
    










Promote People

Promote People 

     "जो पहले से संपन्न है उनको सपोर्ट करने से अच्छा है अपनी तरह के सामान्य लोगों को सपोर्ट कर सम्पन्न बनाना।"

       यदि कोई फिल्म अभिनेता या क्रिकेटर किसी उत्पाद का एड करें तो हम उसे खरीदते हैं, चाहे वो कितना ही महँगा क्यों न हो। करीना कपूर शैम्पू का एड करें तो उसे खरीद लेते हैं, विराट कोहली किसी फेस क्रीम का एड करें तो वही लगाने लगते हैं, शाहरुख खान किसी कोल्ड ड्रिंक का एड करें तो उसे ही पीने लगते हैं, सलमान खान चप्पल का एड करने लगे तो वही पहनने लगते हैं। अजय देवगन पान मसाला का एड करें तो उसे भी खाने लगते हैं। जैसे हमारा सबकुछ खाना,पीना,नहाना, पहनना इनके अनुसार ही चल रहा हो। हमसे ज्यादा ये लोग हमारे बारे में जानते हो और यही हमारी लाइफ़ चला रहे हैं। किंतु वास्तविकता ये है कि इनको हमारी लाइफ़ से कोई मतलब नहीं है। इनके द्वारा किये गये एड वाले उत्पादों से हमारे शरीर को चाहे कितना भी नुकसान पहुँचे, लेकिन इन्हें जहाँ ज्यादा पैसा मिलेगा उसका एड करते रहेंगे। हम विना सोचे-समझे, विना पता किये इन उत्पादों का प्रयोग करते हैं।
       इसके विपरीत यदि हमारा कोई अपना पड़ोसी, दोस्त, भाई, रिश्तेदार जो हमें अच्छे से जानता, पहचानता भी है और जिसे हमारी पसंद-नापसंद का भी पता है, वह कोई नया कार्य आरंभ करता है तो हम उसके बारे में पूरा पता करते हैं, उस पर रिसर्च करते हैं, उससे जलते हैं और उसे अनदेखा करके महत्त्व नहीं देते। हम किसी अपने पर भरोसा करने की बजाय उन पर भरोसा करते हैं जिन्हें हमारे बारे में कुछ भी पता नहीं। यदि हम अपनो को सपोर्ट कर उन्हें सम्पन्न बनाने में मदद करेंगे तो वही लोग कल को दुःख-बीमारी में हमारा सहयोग करेंगे। इन धनाढ्य अभिनेताओं और क्रिकेटरों के पास चाहे कितना भी धन हो जाये, पर ये तब हमारी मदद के लिए नहीं आएंगे।  
        हम अपने से नीचे या अपने बराबर वालों को आगे बढ़ने का अवसर नहीं देते, किंतु उन्हें जरूर सपोर्ट करते हैं जिनके पास किसी चीज़ की कमी नहीं है। हमारे पास अपनो को सपोर्ट करने के हज़ारों कारण होते हैं, फिर भी उन्हें सपोर्ट नहीं करते हैं, जबकि बड़े-बड़े सम्पन्न लोगों को सपोर्ट करने का एक भी सही कारण नहीं होता, पर फिर भी उन्हें सपोर्ट करते हैं।
      अपनी सोच और नजरिया बदलें। जो पहले से सम्पन्न है उनको सपोर्ट करने की वजह हमें अपने जैसे साधारण लोगों को सपोर्ट कर उन्हें आगे बढ़ने में मदद करनी चाहिए। हमारे अपने सम्पन्न होंगे तो आसपास के अपने लोगों को भी आगे बढ़ने के तरीके ज्ञात होंगे, बहुत से अपनों को रोजगार मिलेगा तथा हमारे पिछड़े क्षेत्र का विकास होगा। 
      इसलिए अपनो की उन्नति से जलिए मत, बल्कि आगे बढ़ने में उनका भरपूर सहयोग कीजिए। इससे उनके साथ-साथ हमारा भी कहीं न कहीं अवश्य भला होगा। 
        धन्यवाद!

डॉ. मनोज शर्मा 'मनुज'

Health Slogans

Health Slogans- Theme 
पोषण Slogans - स्वस्थ शरीर, स्वस्थ जीवन 

चाऊमिन मोमो आदि फास्ट फूड से रहो दूर।
फल-सब्जी का सेवन करो जरूर।।
..............
सुबह उठकर रोज करो व्यायाम और स्नान।
नहीं करेगा कोई रोग तुम्हें परेशान।।
.............
अगर पीते हो बीड़ी-सिगरेट-शराब।
तो नहीं देखना जीने का ख्वाब।।
ये खा जाते हैं अंदर से पूरा शरीर। 
जो अच्छे-खासे इंसान को भी बना देते है फकीर।।
...............
घर के आहार का ही करो सेवन।
इसी से मिलेगा दीर्घकालिक जीवन।।
...............
जो करता हमेशा संतुलित आहार। 
उसके जीवन में है रहती खुशियों की बहार।।
..............
स्वस्थ शरीर में होता स्वस्थ मन का वास,
फिर कभी नहीं आता कोई रोग पास।।
.........................
डॉ. मनोज शर्मा 
.........................

भोजन मंत्र- संस्कृत

भोजन मंत्र- Bhojan Mantra, संस्कृत 

ओ३म् अन्नपते अन्नस्य नो देह्यनमीवस्य शुष्मिणः |
प्र प्र दातारं तारिष ऊर्जं नो धेहि द्विपदे चतुष्पदे ||


शब्दार्थ :- हे {अन्नपते } अन्न के पति भगवन् ! {नः} हमे {अनमीवस्य }कीट आदि रहित{शुष्मिणः} बलकारक {अन्नस्य } अन्न के भण्डार{ देहि } दीजिये {प्रदातारं }अन्न का खूब दान देने वाले को {प्रतारिष } दु:खो से पार लगाईये{ नः} हमारे {द्विपदे चतुष्पदे} दोपायो और चौपायो को { ऊर्जं } बल {धेहि } दीजिये |


Monday, July 7, 2025

Sanskrit, अभिज्ञानशाकुन्तलम्

Sanskrit- Abhigyanshakuntalam 
(अभिज्ञानशाकुन्तलम् )

*_अभिज्ञान शाकुंतलम् के संबंधित 100 प्रश्न उत्तर

1. अभिज्ञानशाकुंतलम् की नायिका कौन है?
(A) अनसूया 
(B) गौतमी
(C) प्रियंवदा 
(D) शकुंतला ✔

2. भ्रमर से शकुंतला की रक्षा कौन करता है?
(A) अनसूया 
(B) दुष्यंत ✔
(C) गौतमी 
(D) कण्व 

3. ''अर्थो हि कन्या परकीय एव'' किसने कहा?
(A) दुष्यंत ने 
(B) गौतमी ने 
(C) शार्ड़्गरव ने 
(D) कण्व ने ✔

4. दुष्यंत और शकुंतला का विवाह किस प्रकार का था?
(A) गान्धर्व ✔
(B) प्राजापत्य 
(C) ब्रह्म
(D) दैव 

5. दुष्यंत ने जब आश्रम में प्रवेश किया तब महर्षि कण्व कहां गये हुए थे?
(A) सोमतीर्थ ✔
(B) शचीतीर्थ 
(C) माघमेला प्रयाग 
(D) हरिद्वार 

6. अभिज्ञानशाकुन्तलम् का उपजीव्यग्रंथ कौनसा है?
(A) भागवतपुराण 
(B) रामायण 
(C) महाभारत ✔
(D) वेद 

7. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में सर्वाधिक प्रयुक्त छंद कौनसा है?
(A) आर्या ✔
(B) वसन्ततिलका 
(C) शार्दूलविक्रीडितम् 
(D) अनुष्टुप् 

8. कण्व कौन थे?
(A) तपस्वी ✔
(B) भिक्षुक 
(C) पर्यटक 
(D) गृहस्थ 

9. कालिदास ने सर्वाधिक किस रीति का प्रयोग किया है?
(A) वैदर्भी ✔
(B) लाटी 
(C) गौणी 
(D) पाञ्चाली 

10. कालिदास के नाटकों में किस छंद की प्रमुखता है?
(A) शार्दूलविक्रीडितम् 
(B) आर्या ✔
(C) वसन्ततिलका 
(D) मालिनी 

11. 'अपीतेषु' पद में कौनसा समास है?
(A) अव्ययीभाव 
(B) द्विगु 
(C) नञ् ✔
(D) द्वन्द्व 

12. ''कामी स्वतां पश्यति' 'कामी' पद में कौनसा प्रत्यय है?
(A) णिनि ✔
(B) ड़ीप्
(C) ड़ीष् 
(D) ड़ीन् 

13. 'शुश्रूषस्व गुरून् कुरु प्रियसखीवृत्तिं सपत्नीजने' में कण्व ने किसे उपदेश दिया?
(A) प्रियंवदा को 
(B) अनसूया को 
(C) शकुंतला को ✔
(D) राजा को 

14. अभिज्ञानशाकुन्तलम् के पञ्चम अंक का क्या नाम है?
(A) आश्रमप्रवेश अड़्क 
(B) प्रत्याख्यान अड़्क ✔
(C) विदा अड़्क 
(D) पश्चाताप अड़्क 

15. शकुंतला के साथ हस्तिनापुर तक कौन जाती है?
(A) गौतमी ✔
(B) अनसूया 
(C) प्रियंवदा 
(D) मेनका 

16. ​अभिज्ञानशाकुन्तलम् में ''अग्निगर्भा शमीमिव' कौन है?
(A) गौतमी 
(B) कण्व 
(C) शकुंतला ✔
(D) प्रियंवदा 

17. 'समिद्वन्त:' में प्रत्यय कौन है?
(A) क्त 
(B) मतुप् ✔
(C) क्तवतु 
(D) शतृ 

18. 'शुश्रूषस्व' में कौनसा लकार है?
(A) लट् 
(B) लड़् 
(C) लोट् ✔
(D) विधिलिड़् 

19. वनज्योत्स्ना और आश्रमवृक्षों के साथ सहोदरों जैसा स्नेह किसका है?
(A) शकुंतला का ✔
(B) प्रियंवदा का 
(C) अनसूया का 
(D) गौतमी का 

20. 'या सृष्टि: स्त्रष्टुराद्या' के 'सृष्टि:' पद में प्रकृति प्रत्यय है?
(A) सृज+क्तिन् ✔
(B) सृ+ष्टि: 
(C) सृ+क्त 
(D) सृजन्+ल्युट् 

21. शकुंतला को शाप किसने दिया था?
(A) कण्व ने 
(B) मारीच ने 
(C) विश्वामित्र ने 
(D) दुर्वासा ने ✔

22. अभिज्ञानशाकुन्तलम् का नायक कौन है?
(A) कण्व 
(B) माधव्य 
(C) दुर्वासा 
(D) दुष्यंत ✔

23. शकुंतला के पुत्र का नाम क्या था?
(A) सर्वदमन (भरत) ✔
(B) गौतम
(C) हारीत
(D) नारद

24. शकुंतला की अंगूठी किसमें गिरी थी?
(A) शचीतीर्थ में ✔
(B) मार्ग में 
(C) सोमतीर्थ में 
(D) प्रभातीर्थ में 

25. नाट्यशास्त्र में 'नान्दी' से कौन अभिप्रेत है?
(A) शड़्कर का बैल 
(B) मड़गलाचरण ✔
(C) एक देवता
(D) अष्टमूर्ति शिव 

26. अभिज्ञानशाकुन्तलम् का सर्वप्रथम अंग्रेजी अनुवाद किसने किया?
(A) गेटे 
(B) विलियम जोन्स ✔
(C) मैक्समूलर 
(D) शेक्सपियर 

27. 'कोsन्यो हुतवहात् दग्धुं प्रभवति' सूक्ति कहां से उद्धृत है?
(A) अभिज्ञानशाकुन्तलम् से ✔
(B) नीतिशतकम् से 
(C) उत्तररामचरितम् से 
(D) मेघदूतम् से 

28. अभिज्ञानशाकुन्तलम् का पात्र कौन है?
(A) वसन्तक 
(B) अगस्त्य 
(C) अत्रि 
(D) शारद्वत ✔

29. 'अचेतनं नाम गुणं न लक्षयेत्'' यह पंक्ति किसने किससे कही?
(A) दुष्यंत ने अंगूठी से ✔
(B) शकुंतला ने प्रियंवदा से 
(C) गौतमी ने अनसूया से 
(D) विदूषक ने दुष्यंत से 

30. कालिदास की कितनी नाट्यकृतियां हैं?
(A) 7
(B) 3 ✔
(C) 2
(D) 4

31. दुष्यंत के सेनापति का नाम क्या है?
(A) सोमरात 
(B) भद्रसेन ✔
(C) रैवतक 
(D) माधव्य 

32. 'ईषदीषद्चुम्बितानि भ्रमरै:....' नटी का यह गायन किस ऋतु से संबंधित है?
(

A) ग्रीष्म ✔
(B) वर्षा 
(C) शरद् 
(D) बसंत 

33. 'उचितं ने ते मड़्गलकाले रोदितुम्'' किसने किससे कहा?
(A) गौतमी ने शकुंतला से 
(B) कण्व ने शकुंतला से 
(C) दोनों सखियों ने शकुंतला से ✔
(D) अनसूया ने प्रियंवदा से 

34. ''पातुं न ........ व्यवस्यति जलम्'' रिक्तस्थान की पूर्ति करें?
(A) सर्वप्रथमं
(B) द्वितीयां 
(C) प्रथमं ✔
(D) प्रथमा 

35. अभिज्ञानशाकुन्तलम् के मड़्गलाचरण में कालिदास ने किसकी वंदना की?
(A) विष्णु की
(B) जल की 
(C) अष्टमूर्ति शिव की ✔
(D) आकाश की

36. कण्व का शिष्य कौन है?
(A) माधव्य 
(B) गालव 
(C) शारद्वत ✔
(D) वसन्तक

37. दुष्यंत द्वारा परित्यक्ता शकुंतला किस आश्रम में निवास करती है?
(A) कण्वाश्रम में 
(B) मारीचाश्रम में ✔
(C) विश्वामित्राश्रम में 
(D) वशिष्ठाश्रम में 

38. शकुंतलापरित्याग की घटना किस अंक में है?
(A) चतुर्थ अड़्क में 
(B) षष्ठ अड़्क में 
(C) पञ्चम अड़्क में ✔
(D) सप्तम अड़्क में 

39. तपस्वी होकर भी लौकिक व्यवहारों के कौन ज्ञात हैं?
(A) विश्वामित्र
(B) दुर्वासा
(C) शार्ड़्गरव 
(D) कण्व ✔

40. कण्वाश्रम की वरिष्ठतपस्विनी कौन है?
(A) प्रियंवदा 
(B) दाक्षायणी
(C) गौतमी ✔
(D) सानुमती

41. कालिदास की 'नाट्यकृति' नहीं है?
(A) विक्रमोर्वशीयम्
(B) ऋतुसंहारम् ✔
(C) मालविकाग्निमित्रम्
(D) अभिज्ञानशाकुन्तलम्

42. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में अंकों की संख्या कितनी है?
(A) 5
(B) 7 ✔
(C) 8
(D) 6

43. मृग का पीछा करते हुए राजा दुष्यंत किसके आश्रम में पहुंचे?
(A) मारीच के आश्रम में 
(B) विश्वामित्र के आश्रम में 
(C) कण्व के आरम में ✔
(D) वाल्मीकि के आश्रम में 

44. शकुंतला की विदाई का वर्णन किस अंक में है?
(A) द्वितीय अड़्क​ में 
(B) पञ्चम अड़्क में 
(C) तृतीय अड़्क में 
(D) चतुर्थ अड़्क में ✔

45. 'गण्डस्योपरि पिण्डक: संवृत्त:' किसने कहा?
(A) दुष्यंत 
(B) कण्व 
(C) विदूषक ✔
(D) शारद्वत 

46. नाटक में 'जो बात सुनने योग्य न हो' उसे क्या कहते हैं?
(A) आत्मगतम् ✔
(B) प्रकाशम् 
(C) नेपथ्य 
(D) नान्दी

47. मारीच ऋषि का आश्रम कहां है?
(A) हेमकूट पर्वत में ✔
(B) विन्ध्याचल में 
(C) चित्रकूट रामगिरि में 
(D) पञ्चवटी में 

48. शकुंतला के जन्मदाता पिता कौन थे?
(A) कण्व 
(B) विश्वामित्र ✔
(C) दुर्वासा 
(D) मारीच 

49. अभिज्ञानशाकुन्तलम् किसमें विभक्त है?
(A) वर्गों में 
(B) अध्यायों में 
(C) अड़्कों में ✔
(D) सर्गों में 

50. कालिदास की रचना नहीं है?
(A) रघुवंशम् 
(B) विक्रमाड़्कदेवचरितम् ✔
(C) मेघदूतम् 
(D) अभिज्ञानशाकुन्तलम् 

51. 'उपमासम्राट्' किस कवि को कहा जाता है?
(A) भारवि को 
(B) भास को 
(C) कालिदास को ✔
(D) भवभूति को 

52. भ्रमर से शकुंतला की रक्षा करने का वर्णन किस अंक में है? : 
(A) सप्तम अंक में 
(B) प्रथम अंक में ✔
(C) चतुर्थ अंक में 
(D) द्वितीय अंक में 

53. 'पश्यामीव पिनाकिनम्' यह वाक्य किसने कहा?
(A) दृष्यन्त ने सूत से 
(B) कण्व ने शार्ड़्गरव से 
(C) दुर्वासा ने प्रियंवदा से 
(D) सूत ने दुष्यंत से ✔

54. 'भवितव्यानां द्वाराणि भवन्ति सर्वत्र' यह सूक्ति किसकी है?
(A) मेघदूतम् की 
(B) नीतिशतकम् की 
(C) अभिज्ञानशाकुन्तलम् की ✔
(D) कादम्बरी की 

55. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में 'अभिज्ञान' शब्द से किससे संकेतित/संबंधित है?
(A) नूपुर 
(B) कड़्कण
(C) अंगूठी ✔
(D) कड़्कतम् 

56. राजा दुष्यंत की प्रथम पत्नी कौन ​है?
(A) हंसपदिका ✔
(B) वसुम​ती 
(C) शकुंतला 
(D) मेनका 

57. 'किमिव हि मधुराणां मण्डनं नाकृतीनाम्' किसने, किसके लिए कहा?
(A) दुष्यंत ने शकुंतला के लिए ✔
(B) कण्व ने शकुंतला के लिए 
(C) दुष्यंत ने प्रियंवदा के लिए 
(D) शकुंतला ने दुष्यंत के लिए 

58. ययाति की पत्नी कौन थी?
(A) शर्मिष्ठा ✔
(B) गौतमी
(C) सानुमती
(D) दाक्षायणी

59. 'भूयिष्ठम्' पद में क्या प्रत्यय है?
(A) इष्ठन् ✔
(B) क्त 
(C) क्तिन् 
(D) ठ 

60. 'प्रत्यर्पितन्यास:' में कौनसा समास है?
(A) अव्ययीभाव 
(B) बहृव्रीहि ✔
(C) द्वन्द्व
(D) तत्पुरुष 

61. शकुंतला को विदाई के समय रेशमी वस्त्र किसने दिये थे?
(A) संखियों ने 
(B) मारीच ऋषि ने 
(C) वृक्षों ने ✔
(D) कण्व ने 

62. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में कौन विदूषक है?
(A) शार्ड़्गरव 
(B) मातलि 
(C) माधव्य ✔
(D) वसन्तक

63. दुष्यंत की मन:स्थिति जानने के लिए मेनका ने अपनी किस सखी को भेजा था?
(A) सानुमती को ✔
(B) भानुमती को 
(C) रम्भा को 
(D) उर्वशी को 

64. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में कौनसा अड़्गी रस है?
(A) श्रृड़गार ✔
(B) वीर 
(C) करुण 
(D) हास्य 

65. अभिज्ञानशाकुन्तलम् के पुरुष पात्रों में नहीं है?
(A) वसन्तक ✔
(B) माधव्य 
(C) भद्रसेन 
(D) सोमरात 

66. महर्षि कण्व का आश्रम कहां था?
(A) मालिनी नदी के तट पर ✔
(B) गड़्गा नदी के तट पर 
(C) यमुना नदी के तट पर 
(D) गौतमी नदी के तट पर 

67. दुष्यंत की विशेष रुचि किसमें नहीं है?
(A) द्यूत में 
(B) मृगया में ✔
(C) मदिरापान में 
(D) गजारोहण में 

68. अनसूया किसकी सखी है?
(A) उर्मिला की 
(B) सीता की 
(C) शकुंतला की ✔
(D) गौतमी की 

69. कालिदास के सभी नाटक कैसे हैं?
(A) दु:खांत 
(B) सुखांत ✔
(C) कल्पनांत 
(D) उत्तेजनांत 

70. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में कुल पद्य/श्लोक हैं :
(A) 180
(B) 196 ✔
(C) 150
(D) 200

71. ''ग्रीवाभड़ाभिरामं ..... स्तोकमुर्व्यां प्रयाति' यह श्लोक किस रस का उदाहरण है?
(A) वीररस का 
(B) भयानकरस का ✔
(C) अद्भुतरस का 
(D) श्रृड़्गारस का 

72. अभिज्ञानशाकुन्तलम् के कञ्चुकी किसका नाम है?
(A) माधव्य 
(B) शारद्वत 
(C) सर्वदमन 
(D) वातायन ✔

73. 'सोsयं न पुत्रकृतक: पदवीं मृगस्ते' यह कथन किसका है?
(A) प्रियंवदाक का अनसूया से 
(B) कण्व का शकुंतला से ✔
(C) राजा का सार्ड़्ररव से 
(D) गौतमी का शकुंतला से 

74. 'सेयं याति शकुंतला पतिगृहं सर्वैरनुज्ञायताम्' काश्यप (कण्व) का यह कथन किसके लिए है?
(A) राजा के लिए 
(B) वृक्षों के लिए ✔
(C) ऋषियों के लिए 
(D) सखियों के लिए 

75. शार्ड़्गरव किसका शिष्य है?
(A) विश्वामित्र का 
(B) दुर्वासा का 
(C) मारीच का 
(D) कण्व का ✔

76. 'सतां हि सन्देहपदेषु वस्तुषु प्रमाणमंत: करणप्रवृत्तय:'' इस सूक्ति का वक्ता कौन है?
(A) कण्व 
(B) दुष्यन् ✔
(C) शकुंतला 
(D) मारीच 

77. 'अत: परीक्ष्य कर्त्तव्य विशेषात् सड़्गतं रह:' किसने कहा?
(A) शार्ड़्गरव ने ✔
(B) कण्व ने 
(C) राजा ने 
(D) शारद्वत ने 

78. 'संस्पृष्टमुत्कण्ठया' के संस्पृष्टम्' पद में प्रकृति प्रत्यय है?
(A) सम् + पृच्छ् + क्त्वा
(B) सम् + स्पृश + क्त ✔
(C) सम् + पा + ल्युट् 
(D) सम् + स्पृ + ष्टम् 

79. द्वितीय अड़्क में राजा को मृगया न खेलने की सलाह कौन देता है?
(A) सेनापति 
(B) ऋषि कण्व 
(C) दौवारिक 
(D) माधव्य ✔

80. शकुंतला की क्षमायाचना के लिए दुर्वासा के पास कौन जाती है?
(A) अनसूया 
(B) प्रियंवदा ✔
(C) गौतमी
(D) मेनका 

81. शकुंतला का पालन-पोषण कहां हुआ था?
(A) विश्वामित्र के आश्रम में 
(B) कण्व के आश्रम में ✔
(C) दुर्वासा के आश्रम में 
(D) मारीच के आश्रम में 

82. अभिज्ञानशाकुन्तमलम् में कौनसा प्रधान गुण है?
(A) माधुर्य
(B) प्रसाद ✔
(C) ओज 
(D) कोई नहीं 

83. शकुंतला पति के चिंतन में कहां बैठी है?
(A) राजभवन में 
(B) उपवन में 
(C) कुटिया के पास ✔
(D) नदी के किनारे 

84. शकुंतला की माता का नाम क्या था?
(A) मेनका ✔
(B) गौतमी
(C) हंसपदिका 
(D) वसुमती

85. नाटकों में भरतवाक्य का प्रयोग कहां होता है?
(A) मध्य में 
(B) अन्त में ✔
(C) प्रारम्भ में 
(D) कहीं भी

86. अभिनेता जहां वेशभूषा धारण करते हैं, उसे क्या कहते हैं?
(A) नान्दी 
(B) पूर्वरड़्ग
(C) नेपथ्य ✔
(D) रड़्गमञ्च 

87. शकुंतला की प्रियसखी कौन है?
(A) प्रियंवदा ✔
(B) सानुमती 
(C) गौतमी
(D) मेनका 

88. 'अहो रागपरिवाहिणी गीति​:' राजा दुष्यंत का यह कथन किसकी प्रशंसा में है?
(A) शकुंतला के गाने पर
(B) गौतमी के गाने पर 
(C) हंसपदिका के गाने पर ✔
(D) वसुमती के गाने पर 

89. ''अतिस्नेह: पापशड़्की' सूक्ति किससे उद्धृत है?
(A) अभिज्ञानशाकुन्तलम् से ✔
(B) उत्तररामचरितम् से 
(C) विक्रमोर्वशीयम् से 
(D) स्वप्नवासदत्तम् से 

90. अभिज्ञानशाकुन्तलम् की कथा कहां उद्घृत है?
(A) महाभारत (आदिपर्व) ✔
(B) महाभारत (वनपर्व)
(C) महाभारत (सभापर्व)
(D) महाभारत (शान्तिपर्व)

91. 'दुर्लभमिदानीं में सखीमण्डनं भविष्यति' यह कथन किसका है?
(A) प्रियंवदा का
(B) अनसूया का 
(C) शकुंतला का ✔
(D) गौतमी का 

92. महर्षि मारीच किसका शिष्य है?
(A) गौतम 
(B) हारीत 
(C) गालव ✔
(D) नारद 

93. 'न तादृशा आकृतिविशेषा गुणविरोधिनो भवन्ति'' किसने कहा?
(A) अनसूया ने 
(B) प्रियंवदा ने ✔
(C) शकुंतला ने 
(D) गौतमी ने 

94. 'अस्तशिखर' से कौनसा समास है?
(A) द्वन्द्वसमास 
(B) तत्पुरुषसमास ✔
(C) द्विगुसमास 
(D) बहृव्रीहिसमास 

95. राजा दुष्यंत की दूसरी पत्नी/प्रेमिका कौन थी?
(A) वसुमती ✔
(B) शकुंतला 
(C) हंसपदिका 
(D) प्रियंवदा 

96. राजा दुष्यंत की तीसरी पत्नी/प्रेमिका कौन है?
(A) अनसूया 
(B) शकुंतला ✔
(C) वसुमती 
(D) हंसपदिका 

97. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में 'पुत्रकृतक: श्यामाक-मुष्टिपरिवर्धितक:' कौन है?
(A) सर्वदमन:
(B) मृग: (दीर्घापाड़्ग:) ✔
(C) वृक्ष:
(D) शारद्वत:

98. 'गुर्वपि विरहदु: खमाशाबन्ध: साहयति' किसकी उक्ति है?
(A) अनसूया ✔
(B) प्रियंवदा 
(C) शकुंतला 
(D) गौतमी

99. 'न्यषिच्यत' में कौनसी संधि है?
(A) गुण 
(B) वृद्धि 
(C) यण् ✔
(D) अयादि

100. अभिज्ञानशाकुन्तलम् में सर्वाधिक सौंदर्य किसका वर्णित है?
(A) गौतमी का 
(B) प्रियंवदा का 
(C) शकुंतला का ✔
(D) मेनका का
.................

संस्कृत, Sanskrit

Sanskrit- 
एकता में बल होता है।

ऐक्यं बलं समाजस्य तदभावे स दुर्बल:।
एकता समाज का बल होता है, एकताहीन समाज दुर्बलता को प्राप्त होता है।

ऐक्यं बलं  समाजस्य  तद्भावे  स  दुर्बलः   |
तस्मात् ऐक्यं प्रशंसन्ति दृढं राष्ट्र हितैषिणः || - संस्कृत सुभाषितानि

भावार्थ -     एकता ही किसी समाज का बल (शक्ति) होता है तथा
उसी प्रकार दुर्बल व्यक्तियों का भी बल होता है |  इसी कारण जो
लोग एक महान और दृढ (शक्तिसंपन्न) राष्ट्र की कामना करते हैं
और  हितेषी होते  हैं  वे समाज में  एकता की प्रशंसा (और प्रसार)
करते हैं |

(संस्कृत मे एक अन्य 'आप्त वचन ' में भी  कहा गया है कि - "संघौ
शक्तिः कलौयुगे " / "संघे शक्ति कलियुगे"
अर्थात कलियुग (वर्तमान युग) में संगठन (एकता)
ही वास्तविक शक्ति है |  जो समाज संगठित होता है वही शक्तिशाली
होता है | )
............

Indian football history

क्या आप जानते हैं? (Indian football's History), Indian football Team won the gold medal in Asian Games 1962....        1962 जकार्ता (इण्...